उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिडोरा-मझोला बाजार के पास टैक्सी कार और बाइक की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों से संपर्क करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि टक्कर के बाद गैस रिसाव के कारण आग लगी, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।





















