रुड़की। मंगलवार सुबह रुड़की में एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए चालक ने समय रहते स्कूटी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
रुड़की प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार मंगलवार सुबह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकले थे। जब वह रेलवे स्टेशन के समीप अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचे, तभी स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तत्काल स्कूटी रोककर उससे उतरने में ही समझदारी दिखाई। इसके कुछ ही सेकंड बाद स्कूटी में तेज लपटें उठने लगीं।
रुड़की सड़क पर चलती स्कूटी में आग लगने की घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मौके पर भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
रुड़की स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बुझाने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर बैटरी या इलेक्ट्रिकल सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। गौरतलब है कि हरिद्वार जनपद में वाहनों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पहले रुड़की की सीबीआरआई कॉलोनी निवासी एक युवक की मोटरसाइकिल में भी अचानक आग लग गई थी। उस घटना में भी चालक ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन से अलzग होकर खुद को सुरक्षित बचा लिया था और बाद में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया था। विशेषज्ञों का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के दौरान अधिकृत चार्जर का इस्तेमाल, समय-समय पर बैटरी की जांच और किसी भी प्रकार की असामान्य गर्मी, धुआं या गंध महसूस होने पर तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बना लेना आवश्यक है।