हरिद्वार/कलियर। साबिर पाक के सालाना उर्स के दौरान सोमवार देर रात दरगाह पहाड़ी गेट के समीप अजमेरी बाजार में आर्टिफिशियल ज्वैलरी और खिलौनों की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों से उठती लपटों के कारण बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात दुकानों से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए।
हरिद्वार/कलियर। स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल विभाग को सूचना देने के बाद टीम करीब 20 मिनट में मौके पर पहुंची। इस दौरान आग तेजी से फैल रही थी और आसपास की दुकानों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा बना हुआ था। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कई दौर की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
उर्स के चलते इन दिनों कलियर में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद हैं। बाजार क्षेत्र में आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को घटनास्थल से हटाया और आग बुझाने के अभियान में सहयोग किया।
हरिद्वार/कलियर।दुकानदारों के मुताबिक, आग की वजह से दुकानों में रखा आर्टिफिशियल ज्वैलरी, खिलौने और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या इसकी कोई अन्य वजह थी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से कबूतरों की बची जान
अग्निकांड के दौरान स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दुकानों के पीछे स्थित खानकाह में रखे कबूतरों को भी सुरक्षित बचा लिया। खानकाह के भीतर पिंजरे में बंद कबूतरों तक आग पहुंचने की आशंका को देखते हुए लोगों ने तत्काल पिंजरा बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। समय रहते उठाए गए इस कदम से कबूतर आग की चपेट में आने से बच गए।