हरिद्वार, 25 अगस्त 2026। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभागीय टीमों ने मंगलवार को पनीर एवं मिठाई निर्माण इकाइयों, मिठाई दुकानों, डेयरियों, ढाबों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कलियर के निकट सोहलपुर स्थित वाजिद स्वीट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां करीब 1.60 क्विंटल सफेद रसगुल्ले, 15 किलो गुलाबी रंग वाले रसगुल्ले, 25 किलो स्टार्च पाउडर और लगभग 40 किलो मिल्क केक मिला।
हरिद्वार निरीक्षण के दौरान कई मिठाई के कनस्तरों में मृत मधुमक्खियां और मक्खियां पाई गईं। कनस्तर जंग लगे हुए थे और निर्माण स्थल पर स्वच्छता की स्थिति भी बेहद खराब मिली। परिसर में कच्ची फर्श, गंदगी तथा दीवारों और छत पर कालिख पाई गई। मिल्क केक की ट्रे और डिब्बों को भी धूल भरे स्थानों पर रखा गया था।
टीम ने खुले रसगुल्ले और स्टार्च पाउडर के तीन नमूने जांच के लिए लिए। इसके बाद शेष मिठाइयों तथा करीब दो क्विंटल स्टार्च पाउडर को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए मिठाई निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया तथा फर्म का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
हरिद्वार इसी टीम ने सिडकुल क्षेत्र स्थित एक पनीर निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया। फ्रीजर में करीब 50 किलो तैयार पनीर संदिग्ध स्थिति में मिला। पनीर एनालॉग है अथवा नहीं, इसकी पुष्टि के लिए एक नमूना प्रयोगशाला जांच हेतु भेजा गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई हानिकारक केमिकल नहीं मिला।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने मायापुर, कनखल, रानीपुर मोड़ और ज्वालापुर क्षेत्र में आठ डेयरियों, ढाबों, रेस्टोरेंट और सप्लायर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान घेवर, पतीसा, खुले दूध, पैक्ड दही और पैक्ड ऑयल के पांच नमूने जांच के लिए लिए गए।
हरिद्वार, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय ने रुड़की शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण करते हुए मिठाइयों के तीन नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संकलित किए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।