हरिद्वार । रक्तदान की आड़ में कथित रूप से अवैध रूप से रक्त एकत्र करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। लक्सर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह से जुड़े उपकरण और दो वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर ग्रामीण क्षेत्रों में बिना आवश्यक अनुमति के रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्र करने और उसे निर्धारित ब्लड बैंक तक पहुंचाने के बजाय दूसरे राज्यों में ऊंची कीमत पर बेचने की कोशिश करने का आरोप है।
हरिद्वार मामले की सूचना मिलने के बाद सुल्तानपुर चौकी पुलिस ने अलावलपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। एक स्विफ्ट कार में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग मिले। इसके साथ ही रक्त की जांच और संग्रह में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।
दूसरे वाहन की तलाशी में चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म की बुक, वजन मशीन, एक ब्लड सेंटर से संबंधित 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड और हाथ बांधने वाली चार बेल्ट मिलीं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी गांव-देहात के इलाकों में शिविर लगाकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते थे।
हरिद्वार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनित सैनी निवासी फतवा, लक्सर; शुभम कुमार निवासी मांडा बेला, खानपुर; दुष्यंत कुमार निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश; कावेन्द्र कुमार निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश और दया सिंह निवासी सम्भल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद रक्त और उपकरणों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे नेटवर्क और रक्त की कथित सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच जारी है।





















