रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। आर्मी कैंट से शुरू हुई यात्रा गुलाबराय मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा थामे लोगों ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा। स्कूली बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चे पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए और लोगों को देशप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रुद्रप्रयाग कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक भरत सिंह चौधरी भी यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ पैदल चलते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव, सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
। देश को आगे बढ़ाने और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
रुद्रप्रयाग।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भी तिरंगा यात्रा में बच्चों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और उमंग के साथ स्कूली बच्चों ने यात्रा में हिस्सा लिया, वह प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर दिखाई देने वाली देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने रुद्रप्रयाग में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। यात्रा में उमड़े जनसमूह और देशभक्ति के नारों ने पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।





















