हरिद्वार। शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में टीम ने बाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
हरिद्वार प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचते ही कई दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। वहीं, जिन स्थानों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, वहां टीम ने नियमानुसार सख्ती बरतते हुए कार्रवाई की।
हरिद्वार प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर अनधिकृत कब्जे को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, शहर की यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए शहर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी प्रशासन का विशेष जोर है। अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।





















