देहरादून। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीजी व हॉस्टलों में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 20 अगस्त की रात पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में गठित अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र के कई पीजी और हॉस्टलों में अचानक पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने हॉस्टल और पीजी में रह रहे छात्र-छात्राओं की जानकारी जुटाई और संचालकों को प्रत्येक निवासी का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी छात्र या अन्य व्यक्ति को आवास उपलब्ध कराने पर संबंधित संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को छात्र-छात्राओं के लिए रात 10 बजे तक प्रवेश की समयसीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने और हॉस्टल में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा रिकॉर्ड रखने को भी कहा गया।
देहरादूनपुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र देर रात अनावश्यक रूप से घूमता पाया जाता है, किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त मिलता है अथवा हॉस्टल में नशीले पदार्थों के सेवन या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत सामने आती है तो संबंधित छात्र के साथ प्रतिष्ठान संचालक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
चेकिंग के दौरान चार हॉस्टलों में नियमों के उल्लंघन और व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर पुलिस ने संचालकों को नो
टिस जारी किए। उन्हें निर्धारित समय के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और शिक्षण संस्थानों के आसपास बेहतर माहौल बनाए रखने के लिए पीजी और हॉस्टलों की आकस्मिक चेकिंग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।





















