हरिद्वार | सिडकुल हरिद्वार में सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की 9 मोटरसाइकिलें और एक बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के वाहनों को छिपाने के लिए बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री परिसर का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को किरवी चौक पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने बाइक मोड़कर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर बाइक की जांच की, जिसमें वाहन चोरी का पाया गया।
हरिद्वार पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बंद पड़ी फैक्ट्री परिसर में तलाशी अभियान चलाया। झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 9 बाइक और एक मोटरसाइकिल के अलग-अलग पार्ट्स बरामद किए हैं।
हरिद्वार
एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण निवासी दौलतपुर, बहादराबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून के अलावा उत्तर प्रदेश के देवबंद में भी कई मामले दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के तहत भी निरुद्ध रह चुका है।
पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य मुकदमों और संभावित आपराधिक कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।




















