देहरादून में सोमवार को NEET पेपर लीक मामले को लेकर NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सचिवालय घेराव करने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारी पहले कांग्रेस भवन में एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सचिवालय की ओर बढ़े। हालांकि, पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा, लेकिन प्रदर्शनकारी डटे रहे।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने कई NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और अन्य कांग्रेस नेता भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि देशभर में परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने इस मामले में सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
NSUI ने यह भी कहा कि आगे जरूरत पड़ी तो केंद्रीय मंत्री के आवास का भी घेराव किया जाएगा।






















