देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में एक अहम बैठक की। इस बैठक में प्रगति पोर्टल के माध्यम से राज्य की प्रमुख विकास और अवसंरचना परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान परिवहन, ऊर्जा, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और सीमा सड़क संगठन समेत विभिन्न विभागों की कुल 6,940 करोड़ रुपये की 12 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्तर पर हर महीने और मुख्य सचिव स्तर पर हर 10 दिन में इन परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
CM धामी ने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, भूमि हस्तांतरण या अन्य प्रशासनिक कारणों से देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुलझाया जाए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रामनगर आईएसबीटी, रानीखेत बस टर्मिनल, ताड़ीखेत डिपो, बनबसा और रुद्रप्रयाग विद्युत उपकेंद्र, चारधाम सड़क परियोजना, अस्कोट-लिपुलेख मार्ग, माणा पास सड़क और हरिद्वार व काशीपुर क्षेत्र की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में लंबित मामलों की व्यक्तिगत निगरानी करें और उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, सीमावर्ती क्षेत्रों की सड़कों, बिजली और परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं राज्य के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
CM धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर परियोजना के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी है, उनके लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर तेजी से काम पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।






















