रुड़की। हरिद्वार जनपद के रुड़की स्थित कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव के पास देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया तथा मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों और घायलों की पहचान
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार राजा (19 वर्ष) पुत्र अर्जुन सिंह, शिवम (19 वर्ष) पुत्र हंशलाल, निवासी बहादपुर खादर थाना लक्सर तथा जसवीर (24 वर्ष) पुत्र वीर सिंह, निवासी वार्ड नंबर-4, लक्सर, पिरान कलियर से रुड़की की ओर आ रहे थे।
दूसरी मोटरसाइकिल पर ज्ञानू (27 वर्ष) पुत्र राजकुमार तथा दीपक कुमार (25 वर्ष) पुत्र सुशील कुमार, निवासी रोहाना कला हरिजन बस्ती, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) सवार थे।
डॉक्टरों ने राजा, जसवीर और दीपक कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि ज्ञानू और शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए क्रमशः हायर सेंटर और एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
पुलिस कर रही जांच
प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





















