रुड़की। झबरेड़ा क्षेत्र में बाइक चोरी के एक मामले की जांच कर रही पुलिस ने कथित वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से कुल 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है।
रुड़की।पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को ग्राम लाठरदेवा शेख निवासी आस मोहम्मद की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर झबरेड़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और घटनास्थल से लेकर संभावित रास्तों तक लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
रुड़की।जांच के दौरान पुलिस ने पुराने वाहन चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों का सत्यापन करने के साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते थे। कभी मास्क, कभी कपड़े और कभी हेयर स्टाइल बदलकर पहचान से बचने का प्रयास किया जाता था।
तकनीकी निगरानी और पुलिस के सूचना तंत्र की मदद से जांच टीम संदिग्धों तक पहुंची। 6 सितंबर को फाजिलपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान और मोनू के रूप में बताई गई है।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 18 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इस तरह बरामद वाहनों की कुल संख्या 19 हो गई। पुलिस के मुताबिक, बरामद बाइक झबरेड़ा, रुड़की और सहारनपुर क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित जिलों और थानों से जानकारी जुटा रही है, ताकि इनके चोरी होने से जुड़े अन्य मामलों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अरमान पूर्व में भी गंगनहर कोतवाली से जुड़े चोरी और हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।





















